भदोही , सितंबर 02 -- उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में गंगारामपुर स्थित ईवीए इंटरनेशनल स्कूल परिसर में बुधवार को वेल्डिंग कार्य के दौरान एक मजदूर 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सुरियावां थाना क्षेत्र के मलेपुर निवासी विनोद कुमार विश्वकर्मा स्कूल परिसर में चल रहे निर्माण कार्य के दौरान बाउंड्री पर खड़े होकर वेल्डिंग कर रहे थे। इसी दौरान परिसर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन की चपेट में आ गए। करंट लगने से वह नीचे गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आनन-फानन में उन्हें जीवन दान अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जीवन दीप अस्पताल, भदोही रेफर कर दिया।

घटना के बाद स्कूल परिसर से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन और निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने निर्माण स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा हाईटेंशन लाइन से पर्याप्त दूरी बनाए रखने की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित