अलवर , जून 01 -- राजस्थान में अलवर जिले के टहला थाना क्षेत्र में सोमवार को 11 हजार केवी बिजली लाइन की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार धीरोडा के दरोगाला मार्ग पर दो व्यक्ति मोटर साइकिल से जा रहे थे। इसी दौरान ऊपर से गुजर रही 11 हजार केवी बिजली लाइन का तार अचानक टूटकर सड़क पर गिर गया। उसकी चपेट में आने से दोनों लोग गंभीर रूप से झुलस गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शव टहला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाये। मृतकों की पहचान मूलचंद गुर्जर (55) और रमेश गुर्जर (52 वर्ष) के रूप में हुई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित