पटना, सितंबर 26 -- ाजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की ओर से चलाए जा रहे 45 दिवसीय जमाबंदी सुधार एवं उत्तराधिकार नामांतरण अभियान की लगातार मॉनिटरिंग और अंचल स्तर पर जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए दूसरे शनिवार को भी मुख्यालय के वरीय अधिकारियों की टीम फील्ड में उतरी। विभाग के सचिव जय सिंह के निर्देश पर विभागीय पदाधिकारियों ने राज्य के 11 जिलों के 22 अंचल कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ऑनलाइन राजस्व सेवाओं, अभिलेखागार और अभियान बसेरा की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
सचिव जय सिंह की लगातार मॉनिटरिंग के तहत विभाग द्वारा अंचल कार्यालयों के अभियान के दौरान कामकाज की जमीनी स्थिति की जांच की जा रही है। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सिर्फ कार्यालयी रिकॉर्ड की समीक्षा नहीं की, बल्कि लंबित मामलों, अभिलेखों के रखरखाव और ऑनलाइन सेवाओं के वास्तविक निष्पादन की स्थिति भी देखी।
विभाग द्वारा 11 पदाधिकारियों को मुजफ्फरपुर, बक्सर, औरंगाबाद, बेगूसराय, शिवहर, लखीसराय, सीतामढ़ी, बांका, भागलपुर, पश्चिम चंपारण और खगड़िया जिले के संबंधित अंचलों की जिम्मेदारी दी गई थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित