लखनऊ/गाजीपुर , अप्रैल 02 -- उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा के निर्देश पर विद्युत उपकेंद्र महरौर के अवर अभियंता (जेई) धर्मेंद्र पाल को विभागीय उत्तरदायित्व के निर्वहन में लापरवाही के आरोप में देर रात निलंबित कर दिया गया है। इसके साथ ही अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड जंगीपुर, गाजीपुर प्रवीण कुमार तिवारी को भी आरोप पत्र निर्गत किया गया है।

दरअसल, एक दिन पूर्व बलिया जाते समय विद्युत वितरण मंडल गाजीपुर के अंतर्गत विद्युत वितरण खंड जंगीपुर के क्षेत्र में महरौर से रसड़ा मार्ग पर निरीक्षण के दौरान 11 केवी विद्युत लाइन मानक से अधिक नीचे पाई गई। इस गंभीर लापरवाही को संज्ञान में लेते हुए उनके द्वारा तत्काल संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए थे।

मंत्री ए.के. शर्मा ने स्पष्ट रूप से कहा है कि विद्युत व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही, विशेषकर सुरक्षा मानकों से जुड़ी अनदेखी, किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विद्युत लाइनों का मानकों के अनुरूप रखरखाव सुनिश्चित किया जाए, जिससे आम जनता की सुरक्षा के साथ-साथ निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनी रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित