कानपुर , अप्रैल 17 -- प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत कानपुर नगर में सौर ऊर्जा के उपयोग में तेजी आई है। घरों की छतों पर लगाए गए सोलर रूफटॉप के माध्यम से बिजली उत्पादन क्षमता 100 मेगावॉट का आंकड़ा पार कर गई है।
आधिकारिक सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि14 अप्रैल तक 29,304 इंस्टॉलेशन के जरिए 103 मेगावॉट उत्पादन क्षमता दर्ज की गई है। इस उपलब्धि के साथ कानपुर नगर प्रदेश में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। लखनऊ पहले और वाराणसी तीसरे स्थान पर है।
सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और विस्तार पर जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि अधिक से अधिक पात्र परिवारों तक योजना का लाभ पहुंचाया जाए तथा प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध रखा जाए।
जिले में सोलर रूफटॉप स्थापना की रफ्तार लगातार बढ़ रही है। वर्तमान में प्रतिदिन औसतन 108 नए इंस्टॉलेशन हो रहे हैं। फरवरी में 2,573, मार्च में 3,215 तथा अप्रैल में 14 तारीख तक 1,515 घरों पर सोलर रूफटॉप लगाए जा चुके हैं। कानपुर नगर को सिटी एक्सीलरेशन प्रोग्राम में भी शामिल किया गया है। इस कार्यक्रम के तहत देश के 40 शहरों का चयन किया गया है, जिनमें उत्तर प्रदेश के अयोध्या, वाराणसी, लखनऊ, कानपुर नगर और प्रयागराज शामिल हैं। इसका उद्देश्य शहरों को सोलर सिटी के रूप में विकसित करना है।
जिले में 20 से 26 अप्रैल तक 'सूर्य रथ' के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत शहरी क्षेत्रों में घर-घर जाकर लोगों को योजना के लाभ बताए जाएंगे और सोलर कनेक्शन के लिए प्रेरित किया जाएगा। जिलाधिकारी ने बैठक में बैंक, डिस्कॉम और वेंडरों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को योजना का लाभ सहज और समयबद्ध रूप से मिल सके।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जैन, परियोजना अधिकारी नेडा राजेश पांडेय, संबंधित विभागों के अधिकारी, वेंडर तथा बैंक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित