पटना , जून 01 -- सेंट्रल सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, पटना के ओपीडी परिसर में भारत सरकार के 100 दिवसीय टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत सोमवार को चौथे जन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम चिकित्सा निदेशक डॉ. सुबोध कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में डॉ. मनीषा ने महिलाओं में होने वाले फिमेल जेनिटल टीबी के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने इसके लक्षण, समय पर पहचान, जांच एवं उपचार के महत्व को सरल भाषा में समझाया।इसके बाद स्त्री एवं प्रसूति रोग विभागाध्यक्ष डॉ. संध्या किरण ने अपने संबोधन में इस बीमारी से जुड़ी व्यावहारिक समस्याओं और उनके समाधान पर चर्चा की तथा महिलाओं में समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेने की आवश्यकता पर जोर दिया।
कार्यक्रम के अंत में चिकित्सा निदेशक डॉ. सुबोध कुमार मिश्रा ने कहा कि टीबी की समय पर पहचान और नियमित उपचार से इस बीमारी पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध टीबी उपचार सुविधाओं की जानकारी भी दी।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. स्वीटी द्वारा किया गया। इस दौरान लगभग 250 से अधिक मरीजों एवं उनके परिजनों ने भाग लिया और टीबी से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित