रांची , जून 10 -- झारखंड की राजधानी रांची में शहर के जलाशयों, नदियों और तालाबों की सफाई को आधुनिक तकनीक से मजबूत करने के लिए रांची नगर निगम ने 1.50 करोड़ रुपये की अत्याधुनिक ड्रेन मास्टर मशीन को सेवा में शामिल किया है। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) के सहयोग से खरीदी गई इस मशीन का उद्घाटन बुधवार को मेयर रोशनी खलखो एवं डिप्टी मेयर नीरज कुमार ने संयुक्त रूप से किया।

उद्घाटन के बाद मशीन को हरमू नदी में उतारकर सफाई कार्य की शुरुआत की गई। मेयर ने बताया कि मॉनसून से पहले शहर के सभी नदी-नालों और जलाशयों की विशेष सफाई कराई जा रही है। यह मशीन नदी में जमा गाद, कचरा और अन्य अपशिष्टों को हटाने में सक्षम है, जिससे जल निकासी व्यवस्था बेहतर होगी और बरसात के दौरान जलजमाव की समस्या कम होगी।

डिप्टी मेयर ने कहा कि ड्रेन मास्टर मशीन जल और स्थल दोनों स्थानों पर कार्य कर सकती है। बारिश के दौरान भी यह जलाशयों और नदियों में तैरते हुए सफाई करने में सक्षम है। नगर निगम शहर के जल स्रोतों के संरक्षण एवं स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए आधुनिक तकनीकों का उपयोग कर रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित