पौड़ी , अगस्त 07 -- उत्तराखंड के जनपद पौड़ी गढ़वाल में आगामी 80वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में 09 से 17 अगस्त तक आयोजित होने वाले 'हर घर तिरंगा' अभियान को व्यापक जनसहभागिता के साथ सफल बनाने की तैयारियां तेज हो गई हैं। अभियान की रूपरेखा को अंतिम रूप देने के लिए शुक्रवार को विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी की अध्यक्षता में अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी विभागों को समन्वित प्रयासों के साथ अभियान को जन-जन का उत्सव बनाने के निर्देश दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने कहा कि अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रभक्ति की भावना को और अधिक सशक्त करना तथा राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, गौरव और जिम्मेदारी का भाव विकसित करना है। उन्होंने कहा कि यह केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि पूरे समाज का राष्ट्रीय उत्सव है, इसलिए प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए।
बैठक में शिक्षा, युवा कल्याण एवं खेल विभाग को विद्यालयों, महाविद्यालयों तथा अन्य शैक्षणिक संस्थानों में खेल प्रतियोगिताएं, निबंध लेखन, चित्रकला, रंगोली, वाद-विवाद प्रतियोगिताएं, प्रभात फेरियां तथा देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्रभक्ति से जुड़े जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ने पर भी बल दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित