रायपुर , अप्रैल 03 -- त्तीसगढ़ राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव ने निर्देश दिए हैं कि प्रदेश के सभी हितग्राहियों को 07 अप्रैल से पहले तीन माह का चावल एकमुश्त उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।

नवा रायपुर स्थित निगम मुख्यालय में आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग बैठक में श्रीवास्तव ने मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों एवं सभी जिला प्रबंधकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन के निर्देशानुसार "चावल उत्सव" से पूर्व सभी उचित मूल्य की दुकानों में पर्याप्त मात्रा में चावल उपलब्ध होना चाहिए।

उन्होंने जिला प्रबंधकों को निर्देशित किया कि मई एवं जून माह का चावल भी अग्रिम रूप से दुकानों तक पहुंचाया जाए, ताकि हितग्राहियों को एकमुश्त तीन माह का राशन प्राप्त करने में किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही चावल की गुणवत्ता मानक स्तर की बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक में चावल के भंडारण, परिवहन एवं श्रमिकों की उपलब्धता से जुड़ी संभावित समस्याओं पर भी चर्चा की गई। श्रीवास्तव ने कहा कि किसी भी प्रकार की दिक्कत होने पर तत्काल निगम मुख्यालय को अवगत कराया जाए तथा जिला प्रशासन से समन्वय बनाकर निर्धारित समय सीमा में भंडारण कार्य पूरा किया जाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित