पटना , अगस्त 30 -- राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) के प्रदेश अध्यक्ष आलोक कुमार सिंह ने पार्टी की सभी जिला इकाइयों को आगामी 05 सितंबर को सभी जिला मुख्यालयों में जगदेव बाबू के शहादत दिवस के अवसर पर श्रद्धांजलि-सह-आभार कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिये हैं।रालोमो के प्रदेश प्रवक्ता नितिन भारती ने बताया कि कार्यक्रम के माध्यम से शहीद रामफल मंडल की स्मृति में डाक टिकट जारी करने के लिए भारत सरकार एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया जाएगा। उन्होंने बताया कि आगामी 05 सितंबर को शिक्षक दिवस, महान समाजवादी नेता 'जगदेव बाबू' का शहादत दिवस तथा शहीद रामफल मंडल की स्मृति में डाक टिकट जारी होने के विषय को एक साथ जोड़ते हुए सभी जिलों में श्रद्धांजलि-सह-आभार कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
श्री सिंह ने कहा कि शहीद रामफल मंडल जैसे महान स्वतंत्रता सेनानियों और सामाजिक न्याय के योद्धाओं की स्मृतियों को सम्मान देना हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार द्वारा उनके सम्मान में डाक टिकट जारी किया जाना बिहार के लिए गौरव का विषय है। इसके लिए राष्ट्रीय लोक मोर्चा परिवार प्रधानमंत्री श्री मोदी एवं भारत सरकार के संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करता है। साथ ही इस मुहिम को सफल बनाने के लिए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेन्द्र कुशवाहा द्वारा किए गए प्रयासों की भी सराहना करता है।
श्री सिंह ने सभी जिला अध्यक्षों एवं पार्टी के पदाधिकारियों से कार्यक्रम को गरिमापूर्ण एवं व्यापक रूप से आयोजित करने तथा अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं एवं आमजन की सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित