मोतिहारी , सितंबर 24 -- बिहार विधान परिषद के 03-सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन 2026 को लेकर चुनावी प्रक्रिया का औपचारिक कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। पूर्वी चंपारण में जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव एवं पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने गुरुवार को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक और मीडिया से संयुक्त प्रेस वार्ता कर निर्वाचन कार्यक्रम एवं तैयारियों की जानकारी दी।

जिलाधिकारी ने बताया कि 29 सितंबर को निर्वाचन की अधिसूचना जारी होने के साथ नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी, जबकि नामांकन की अंतिम तिथि छह अक्टूबर निर्धारित की गई है। सात अक्टूबर को नामांकन पत्रों की संवीक्षा होगी और नौ अक्टूबर तक अभ्यर्थिता वापस ली जा सकेगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 23 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक मतदान कराया जाएगा, जबकि 27 अक्टूबर को मतगणना होगी।

पूर्वी चंपारण में 27 मतदान केंद्र, 1741 मतदाता शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव के लिए पूर्वी चंपारण जिले में प्रखंड मुख्यालयों पर 27 मतदान केंद्र बनाए जाएंगे। जिले में कुल 1741 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 1533 पुरुष और 208 महिला मतदाता शामिल हैं।

जिलाधिकारी ने बताया कि निर्वाचन प्रक्रिया में भाग लेने वाले उम्मीदवारों के लिए नामांकन शुल्क सामान्य एवं पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए 10 हजार रुपये तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के अभ्यर्थियों के लिए पांच हजार रुपये निर्धारित है।

निर्वाचन संबंधी प्रशासनिक व्यवस्था की जानकारी देते हुए जिलाधिकारी ने बताया कि इस निर्वाचन के निर्वाची पदाधिकारी सारण प्रमंडल के आयुक्त होंगे, जबकि जिलाधिकारी सहायक निर्वाची पदाधिकारी की भूमिका में रहेंगे। नामांकन की प्रक्रिया सारण प्रमंडलीय आयुक्त द्वारा निर्धारित स्थल पर पूरी की जाएगी।

भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 22 सितंबर को निर्वाचन कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो चुकी है। जिला प्रशासन ने राजनीतिक दलों से निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों एवं आचार संहिता का पालन सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

बैठक में उप विकास आयुक्त डॉ. प्रदीप कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी आशुतोष राय तथा भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष पवन राज, कांग्रेस के ओसैदुर रहमान, जनता दल यूनाइटेड के दिनेश चंद्र प्रसाद, आम आदमी पार्टी के सुनील कुमार कुशवाहा और कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्सिस्ट) के अशोक पाठक सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित