हाजीपुर , जून 03 -- पूर्व मध्य रेल की ओर से बिना पर्याप्त कारण अवैध रूप से चेन पुलिंग करके रेलगाड़ियों को जहां-तहां रोकने वालों के खिलाफ नियमित कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पूर्व मध्य रेल के सुरक्षा बलों द्वारा ऑपरेशन "समय पालन" के तहत ऐसे लोगों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है, जिससे ट्रेनें अनावश्यक रूप से विलंबित न हों।
ऑपरेशन "समय पालन" के तहत मई माह (01.05.2026 से 31.05.2026) में रेलवे सुरक्षा बल की टीम द्वारा पूर्व मध्य रेल के विभिन्न रेलखंडों में बिना उचित कारण चेन पुलिंग करने के आरोप में 1175 लोगों को हिरासत में लिया गया तथा उनसे जुर्माने के रूप में 5 लाख 2 हजार रुपये वसूले गए। इन लोगों के विरुद्ध रेल अधिनियम की धारा 141 के तहत कार्रवाई की गई।
इस अभियान के तहत सर्वाधिक 602 लोग दानापुर मंडल में पकड़े गए, जबकि समस्तीपुर मंडल में 239, पं. दीन दयाल उपाध्याय मंडल में 147, सोनपुर मंडल में 100 तथा धनबाद मंडल में 87 लोगों को हिरासत में लिया गया।
इसी तरह महिलाओं की सुरक्षा के मद्देनजर ऑपरेशन "महिला सुरक्षा" के तहत महिला कोच में यात्रा करने वाले पुरुष यात्रियों के खिलाफ भी सघन अभियान चलाया गया। मई माह (01.05.2026 से 31.05.2026) में पूर्व मध्य रेल के विभिन्न रेलखंडों पर महिला कोच में यात्रा करने के आरोप में रेल अधिनियम की धारा 162 के तहत 3061 पुरुष यात्रियों को हिरासत में लिया गया तथा उनसे जुर्माने के रूप में 8 लाख 79 हजार रुपये वसूले गए।इसमें सर्वाधिक 1442 लोग दानापुर मंडल में पकड़े गए, जबकि पं. दीन दयाल उपाध्याय मंडल में 865, धनबाद मंडल में 333, समस्तीपुर मंडल में 290 तथा सोनपुर मंडल में 131 पुरुष यात्रियों को हिरासत में लिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित