पिथौरागढ़ , अप्रैल 30 -- उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में आम लोगों की समस्याओं के त्वरित और सरल समाधान के लिए जिला प्रशासन ने एक अभिनव पहल करते हुए ''हैलो हेल्प'' हेल्पलाइन सेवा शुरू करने का निर्णय लिया है।

जिलाधिकारी आशीष भटगांई के निर्देशन में शुरू की जा रही यह सेवा मई के दूसरे सप्ताह से संचालित होगी। प्रशासन ने इसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

इस हेल्पलाइन के माध्यम से जिले के नागरिक घर बैठे ही विभिन्न सरकारी सेवाओं की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे और अपनी शिकायतें दर्ज करा पाएंगे। कॉल के जरिए दर्ज शिकायतों को तुरंत संबंधित विभागों तक भेजा जाएगा, जिससे उनके निस्तारण में तेजी आएगी।

यह सुविधा खास तौर पर ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए काफी उपयोगी साबित होगी। अब उन्हें पेंशन, राशन कार्ड, निवास प्रमाण पत्र, बिजली कनेक्शन समेत अन्य सेवाओं के लिए बार-बार सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। एक कॉल के माध्यम से ही उनकी समस्याओं का समाधान संभव होगा।

श्री भटगाईं ने बताया कि यह पहल प्रशासन को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और नागरिक-केंद्रित बनाने की दिशा में अहम कदम है। हेल्पलाइन में शिकायतों की ट्रैकिंग की सुविधा भी होगी, जिससे लोग अपने आवेदन की स्थिति आसानी से जान सकेंगे।

प्रशासन को उम्मीद है कि इस व्यवस्था से न केवल लोगों के समय की बचत होगी, बल्कि भ्रष्टाचार की संभावनाओं में भी कमी आएगी और आमजन का प्रशासन पर भरोसा और मजबूत होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित