चंडीगढ़ , अक्टूबर 07 -- हरियाणा कांग्रेस मुख्यालय में बुधवार को इंडिया गठबंधन के घटक दलों की बैठक हुई।

बैठक हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त के मार्गदर्शन तथा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा की संयुक्त अध्यक्षता में हुई। बैठक में लोकतंत्र, संविधान और मताधिकार की रक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई।

बैठक में कांग्रेस के 'वोट बचाओ-देश बचाओ' अभियान और 'लोकतंत्र बचाओ सप्ताह' को हरियाणा में व्यापक स्तर पर चलाने का फैसला लिया गया। गठबंधन के सभी दल प्रदेशभर में संयुक्त रूप से विरोध प्रदर्शन करेंगे और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए जनता के बीच जाएंगे।

श्री संजय दत्त ने कहा कि हरियाणा में इंडिया गठबंधन एकजुट होकर अभियान चलाएगा। राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए गठबंधन के सभी दल मिलकर प्रदेशभर में विरोध प्रदर्शन करेंगे। भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि मताधिकार की रक्षा और लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए हरियाणा में विपक्षी एकता का संघर्ष और मजबूत किया जाएगा।

नेताओं ने कहा कि दिल्ली में पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में गठबंधन जिस एकजुटता के साथ लोकतंत्र और मताधिकार के मुद्दे उठा रहा है उसी संघर्ष को हरियाणा के गांवों और शहरों तक पहुंचाया जाएगा। मतदाता सूची और चुनावी प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता या पारदर्शिता की कमी का मुद्दा जनता के सामने उठाया जाएगा।

गठबंधन ने प्रत्येक जिले और विधानसभा क्षेत्र में संयुक्त कार्यक्रम आयोजित करने तथा कार्यकर्ताओं को अभियान से जोड़ने का निर्णय लिया। बैठक में राजद प्रदेश अध्यक्ष राम अवतार यादव, माकपा राज्य सचिव प्रेमचंद, भाकपा राज्य सचिव विनोद घड़ोली माकपा नेता दरियाव सिंह कश्यप सहित अन्य नेता मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित