सीतापुर , जुलाई 19 -- उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने रविवार को कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा देश भर में चलाए जा रहे ''छात्रों की गूंज'' अभियान ने पेपर लीक जैसे गंभीर मुद्दे को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से उठाया है।

श्री राय आज सीतापुर के कांग्रेस के सांसद राकेश राठौर के आवास पर आयोजित पत्रकार वार्ता में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी युवाओं की आवाज को सड़क से लेकर संसद तक पूरी ताकत से उठा रही है।

उन्होंने कहा की पेपर लीक केवल परीक्षा में अनियमितता नहीं बल्कि लाखों युवाओं के सपनों और उनके भविष्य पर सीधा हमला है ,वर्षों की मेहनत और परिवारों के संघर्ष को भ्रष्ट व्यवस्था की भेंट नहीं चढ़ने दिया जा सकता।

उन्होंने मांग की की पेपर लीक के प्रत्येक मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए तथा परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी और जवाब दे बनाया जाए।,उन्होंने प्रदेश की सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि आजम खान से दुश्मनी हो सकती है, लेकिन जौहर विश्वविद्यालय के 18 बिल्डिंग को क्यों तोड़ा जा रहा है जबकि 2005 में यूनिवर्सिटी बनी थी और 2024 में विकास प्राधिकरण रामपुर में अस्तित्व में आया है, तब तक तो यह जिला पंचायत का था, पूरे प्रदेश में नजूल की संपत्ति को कब्जा किया जा रहा है, और तोड़ा जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सीतापुर में भी कई स्कूलों की जमीनों को जबरदस्ती सरकार के द्वारा नजूल भूमि के रूप में कब्जा किया जा रहा है, शिक्षा संस्थान किसी भी संप्रदाय के हो, वह शिक्षा के प्रसार में सदैव आगे रहे हैं।

श्री राय ने आगे कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है, सरकार अपनी नाकामी छुपाने के लिए जनता का ध्यान इन मुद्दों से भटका देना चाहती है, लेकिन जनता अब सचेत हो गई है और वह लोकतंत्र के पर्व में अपना सटीक निर्णय इन सब के विरोध में देगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित