नैनीताल , सितंबर 30 -- उत्तराखंड के शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बुधवार को हल्द्वानी के तल्ली प्राथमिक विद्यालय में "सेवा संकल्प" अभियान के तहत "आंगन का मिलन" कार्यक्रम में शिरकत करते हुए कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र केवल बच्चों की शिक्षा और पोषण का केंद्र न रहें, बल्कि माताओं, बच्चों और परिवारों के लिए जागरूकता एवं संवाद का सशक्त मंच बनें।

डॉ. रावत ने कहा कि सात अक्टूबर तक चलने वाला यह महाभियान सेवा, पोषण, स्वास्थ्य और जनसहभागिता का व्यापक अभियान बनेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार बेटियों के सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने घोषणा की कि प्रत्येक टॉपर छात्र-छात्रा को सरकार की ओर से लैपटॉप प्रदान किया जाएगा। साथ ही इंटरमीडिएट के बाद डिग्री कॉलेज में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को 51 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि पहली बार छात्र संघ चुनावों में बेटियों को 50 प्रतिशत प्रतिनिधित्व दिया गया है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम का गंभीरता से क्रियान्वयन करते हुए इसका व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, फोटो-वीडियोग्राफी कर विभागीय वेबसाइट पर अपलोड की जाए तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्तियों, सहायिकाओं एवं आशा कार्यकर्तियों को सम्मानित कर प्रोत्साहित किया जाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित