मुंबई , अक्टूबर 13 -- सोनी सब के पौराणिक धारावाहिक 'हस्तिनापुर के वीर' में अर्जुन और दुर्योधन मां दुर्गा और महिषासुर के प्रतिष्ठित युद्ध को नृत्य प्रस्तुति के जरिए जीवंत करते नजर आएंगे।धारावाहिक में अर्जुन की भूमिका निभा रहे उर्वा सावलिया मां दुर्गा के रूप में, जबकि दुर्योधन की भूमिका निभा रहे आयुध भानुशाली महिषासुर के रूप में दिखाई देंगे। नृत्य, संगीत और प्रभावशाली भाव-भंगिमाओं से सजी यह प्रस्तुति भारतीय पौराणिक कथाओं के इस प्रसिद्ध प्रसंग को भव्य रूप में पेश करेगी।

इस प्रस्तुति की तैयारी के लिए उर्वा ने कई हफ्तों तक नियमित अभ्यास किया, ताकि वह नृत्य के स्टेप्स और भाव-भंगिमाओं को बेहतर ढंग से प्रस्तुत कर सकें।

अर्जुन की भूमिका निभा रहे उर्वा सावलिया ने कहा, "जब मुझे पता चला कि इस विशेष प्रस्तुति में मैं मां दुर्गा का किरदार निभाने वाला हूं, तो कुछ नया करने को लेकर बहुत उत्साहित था। मां दुर्गा के रूप में तैयार होना और उस किरदार को निभाना मेरे लिए अनूठा अनुभव रहा। इसके लिए कई हफ्तों तक अभ्यास करना पड़ा, ताकि मैं अपने नृत्य और भाव-भंगिमाओं को निखार सकूं। यह सफर चुनौतीपूर्ण होने के साथ-साथ बेहद आनंददायक भी रहा। इसने मुझे अपने एक अलग पक्ष को सामने लाने का अवसर दिया।"सोनी सब का 'हस्तिनापुर के वीर' पांडवों और कौरवों के बचपन की कहानियों के माध्यम से साहस, कर्तव्य और बुराई पर अच्छाई की जीत जैसे मूल्यों को दर्शाता है। धारावाहिक का प्रसारण हर सोमवार से शनिवार रात नौ बजे सोनी सब पर किया जाता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित