मुंबई , जुलाई 29 -- भारतीय हिप-हॉप रियलिटी शो 'हसल' अपने पांचवें सीज़न 'हसल 5 - अपना होमग्राउंड' के साथ 8 अगस्त से जियोहॉटस्टार और एमटीवी इंडिया पर प्रसारित होगा। शो का प्रसारण प्रत्येक शनिवार और रविवार शाम 7 बजे किया जाएगा।

नए सीज़न में रैपर बादशाह जज के रूप में वापसी कर रहे हैं। उनके साथ ईपीआर स्क्वाड बॉस की भूमिका में नजर आएंगे। वहीं शो के पूर्व प्रतियोगी एमसी स्क्वायर, पैराडॉक्स और एग्सी इस बार स्क्वाड बॉस के रूप में मंच पर लौटेंगे।

निर्माताओं के अनुसार, 'अपना होमग्राउंड' थीम भारतीय हिप-हॉप संस्कृति, समुदायों और उन कलाकारों को समर्पित है, जिन्होंने इस संगीत आंदोलन को नई पहचान दी है। सीज़न की शुरुआत एक विशेष एंथम के साथ होगी, जिसमें बादशाह, ईपीआर, एमसी स्क्वायर, पैराडॉक्स और एग्सी एक साथ दिखाई देंगे।

बादशाह ने कहा कि 'हसल' भारतीय हिप-हॉप प्रतिभाओं के लिए एक महत्वपूर्ण मंच रहा है और इस सीज़न में वापसी करना उनके लिए घर लौटने जैसा है। वहीं ईपीआर ने कहा कि शो ने भारतीय हिप-हॉप संस्कृति को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई है।

एमसी स्क्वायर, पैराडॉक्स और एग्सी ने भी अपनी वापसी को भावनात्मक और प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि वे नई प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए उत्साहित हैं।

वर्षों से 'हसल' भारतीय हिप-हॉप कलाकारों के लिए एक प्रमुख मंच के रूप में उभरा है और कई सफल कलाकारों को पहचान दिला चुका है। नया सीज़न एक बार फिर देशभर के उभरते रैप कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित