पटियाला, 01अगस्त (वार्ता ) पंजाब प्रदेश कांग्रेस ने विधानसभा चुनावों के मद्देनजर पटियाला में 'हर बूथ कांग्रेस मजबूत' अभियान के तहत शनिवार को कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया।

कार्यक्रम में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के पंजाब प्रभारी भूपेश बघेल और पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने तथा एकजुट होकर चुनाव लड़ने का आह्वान किया।

श्री बघेल ने कहा कि कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं का मुख्य दायित्व पार्टी को चुनाव जिताना है, क्योंकि पंजाब को आम आदमी पार्टी सरकार के कुशासन से बचाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और मंत्रियों का चयन कांग्रेस हाईकमान, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी करेंगे। उन्होंने कहा कि चुनाव समय से पहले भी हो सकते हैं और यदि तय समय पर फरवरी में हुए तो भी अब ज्यादा दूर नहीं हैं। ऐसे में बूथ स्तर पर मजबूत संगठन ही कांग्रेस की जीत सुनिश्चित करेगा। उन्होंने कहा कि इस बार पंजाब में कांग्रेस, आम आदमी पार्टी, भाजपा और अकाली दल के विभिन्न गुटों के बीच बहुकोणीय मुकाबला होने की संभावना है।

उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है और लोग खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे तथा रंगदारी और आपराधिक घटनाएं बढ़ रही हैं। साथ ही उन्होंने भाजपा पर किसान आंदोलन के दौरान पंजाब और किसानों को बदनाम करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा के ट्रोल नेटवर्क ने प्रदर्शनकारी किसानों को देशविरोधी और खालिस्तानी तक बताया था। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सोशल मीडिया की ताकत को समझने और भाजपा व आप के कथित दुष्प्रचार का तथ्यात्मक जवाब देने की अपील की। उन्होंने कहा कि पार्टी के बूथ कार्यकर्ता ही कांग्रेस की असली ताकत हैं और उन्हें पार्टी की उपलब्धियों के साथ-साथ केंद्र और राज्य सरकार की विफलताओं को जनता तक पहुंचाना चाहिए।

इस अवसर पर श्री वड़िंग ने कहा कि उनकी सबसे बड़ी इच्छा कांग्रेस के मुख्यमंत्री और मंत्रियों को शपथ लेते हुए देखने की है, चाहे वह स्वयं दर्शक दीर्घा में बैठे हों। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन्हें बहुत सम्मान दिया है और वे जीवनभर कांग्रेस के साथ रहेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रताप सिंह बाजवा, चरणजीत सिंह चन्नी, राजिंदर कौर भट्ठल, ब्रह्म मोहिंद्रा सहित अन्य नेता उनसे अधिक अनुभवी और सक्षम हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही सभी वरिष्ठ नेता एक मंच पर दिखायी देंगे और कांग्रेस पूरी एकजुटता के साथ विधानसभा चुनाव लड़ेगी।

उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस ने कठिन परिस्थितियों में लोकसभा चुनाव में 13 में से 7 सीटें जीती थीं और आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी इससे भी बेहतर प्रदर्शन करेगी।

कार्यक्रम में ब्रह्म मोहिंद्रा, रणदीप नाभा, हरदयाल कंबोज, राजिंदर सिंह, गुरिंदर ढिल्लों, विष्णु शर्मा, साधु सिंह धर्मसोत, डॉ. अमर सिंह, गुरदर्शन सिंह, कैप्टन संदीप संधू, मोहित मोहिंद्रा, गुरशरण कौर रंधावा, शुभम शर्मा, संजीव बिट्टू, अमरजीत कौर सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता और बड़ी संख्या में बूथ स्तर के कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित