मुंबई , अगस्त 26 -- ़ी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज लिमिटेड के फ्री-टू-एयर हिंदी जनरल एंटरटेनमेंट चैनल अनमोल टीवी ने अपने पहले ओरिजिनल शो 'हमारी राधा' की शुरुआत की है। सिमरन कौर, अक्षय म्हात्रे और वैदेही नायर अभिनीत यह शो शादी, रिश्तों और बदलती सोच के बीच एक महिला के संघर्ष और आत्मपहचान की कहानी पेश करता है। शो का प्रसारण प्रतिदिन रात 9:30 बजे किया जा रहा है।
उत्तर प्रदेश के किशनपुर की रहने वाली राधा अपने पति गिरधर के साथ मुंबई में बस गई है। राधा जहां अपनी जड़ों और संस्कारों से जुड़ी है, वहीं गिरधर आधुनिक जीवनशैली और बदलती शहरी सोच की ओर बढ़ रहा है। दोनों की अलग-अलग सोच उनके रिश्ते में दूरी पैदा करती है और गिरधर अपने ऑफिस में काम करने वाली आधुनिक सोच की शनाया के करीब आने लगता है।
इसके बाद राधा के सामने अपने वैवाहिक जीवन की सच्चाई का सामना करने और अपने रिश्ते को बचाने की चुनौती खड़ी हो जाती है। कहानी में राधा न केवल अपने रिश्ते के लिए संघर्ष करती है, बल्कि परिस्थितियों के बीच अपनी पहचान और आत्मसम्मान को भी समझने की कोशिश करती है।
ज़ी टीवी और एफटीए के चीफ चैनल ऑफिसर मंगेश कुलकर्णी ने कहा कि 'हमारी राधा' अनमोल टीवी के कंटेंट सफर में एक अहम कदम है। उनका कहना है कि चैनल एफटीए दर्शकों के लिए ऐसी कहानियां पेश करना चाहता है, जो उनकी जिंदगी, मूल्यों और उम्मीदों से जुड़ी हों।
राधा की भूमिका निभा रहीं सिमरन कौर ने कहा कि यह किरदार उनके लिए बेहद खास है।राधा सरल और अपने संस्कारों से जुड़ी महिला है, लेकिन शादी में आए संकट के बाद वह अपने लिए खड़ा होना भी सीखती है।
अक्षय म्हात्रे ने गिरधर के किरदार को अपनी इच्छाओं और जिम्मेदारियों के बीच उलझे व्यक्ति के रूप में बताया। वहीं, वैदेही नायर के अनुसार शनाया आत्मविश्वासी और आधुनिक सोच वाली महिला है, जिसकी मौजूदगी कहानी के रिश्तों को एक नया मोड़ देती है।
'हमारी राधा' में परंपरा और आधुनिक सोच के टकराव के साथ यह दिखाने की कोशिश की गई है कि बदलती परिस्थितियों के बीच एक महिला किस तरह अपने रिश्तों के साथ-साथ अपनी पहचान के लिए भी खड़ी होती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित