वाराणसी , अक्टूबर 11 -- िल्म निर्माता और 'हनुमान अंश' के निर्देशक डॉ. विशाल चतुर्वेदी ने युवाओं से नशे से दूर रहने, भारतीय संस्कृति एवं मूल्यों को अपनाने और देश के विकास में योगदान देने की अपील की।बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में आयोजित 'यूथ फॉर विकसित भारत: माय भारत यूथ कॉन्फ्रेंस' में उन्होंने कहा कि फिल्मों और सोशल मीडिया पर धूम्रपान एवं नशे का महिमामंडन चिंताजनक है। पर्दे पर आकर्षक दिखने वाली हर चीज वास्तविक जीवन में सही नहीं होती। युवाओं को बिना सोचे-समझे किसी की जीवनशैली की नकल करने के बजाय सही निर्णय लेना चाहिए।

केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया की अध्यक्षता में आयोजित सम्मेलन में देशभर से युवाओं ने हिस्सा लिया। डॉ. चतुर्वेदी ने फिल्म उद्योग में अपने करीब 15 वर्षों के अनुभव साझा करते हुए कहा कि सनातन संस्कृति और भारतीय मूल्यों पर आधारित कहानियों को मुख्यधारा तक पहुंचाना एक चुनौती है।

उन्होंने अपनी फिल्म 'हनुमान अंश' के निर्माण की प्रेरणा साझा करते हुए बताया कि यह फिल्म नीम करोली बाबा के जीवन और शिक्षाओं से प्रेरित है। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने फिल्म का एक गीत गाया और युवाओं के साथ हनुमान चालीसा का पाठ भी किया।

डॉ. चतुर्वेदी ने युवाओं से अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहने और अपनी ऊर्जा सकारात्मक कार्यों में लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा अपनी आकांक्षाओं पर ध्यान केंद्रित कर और भारतीय मूल्यों को अपनाकर विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित