शिवहर , सितंबर 17 -- बिहार के शिवहर जिले में 'स्वच्छता ही सेवा-2026' पखवाड़ा के अवसर पर जिला स्तरीय शुभारंभ-सह-उन्मुखीकरण कार्यक्रम का विधिवत आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के पुष्पगुच्छ स्वागत एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इस दौरान 'स्वच्छता ही सेवा' प्ले कार्ड का प्रदर्शन एवं पीपीटी प्रस्तुतीकरण भी किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी ने कहा कि 17 सितंबर से 02 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले इस पखवाड़े का मुख्य उद्देश्य जिले में स्वच्छता गतिविधियों को निरंतर बनाए रखना, सरकारी तंत्र के साथ-साथ आम जनमानस को सक्रिय करना और जनभागीदारी सुनिश्चित करना है। उन्होंने जोर देते हुए कहा, "स्वच्छता की दिशा में आज भी व्यापक स्तर पर कार्य करने की आवश्यकता है। साफ-सफाई को केवल दायित्व न मानकर अपनी दैनिक आदत में शामिल करें। स्वच्छता से बीमारियों की रोकथाम होती है और आर्थिक बचत के साथ सकारात्मक सोच का संचार होता है।" उन्होंने अपील की कि सभी नागरिक 'स्वच्छ शिवहर, स्वच्छ बिहार' के संकल्प को पूरा करने में अपनी सहभागिता निभाएं।

पुलिस अधीक्षक ने अपने संबोधन में कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासन या सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह सभी जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों का साझा कर्तव्य है। उन्होंने तालाबों, पर्यटन स्थलों एवं महापुरुषों की मूर्तियों की नियमित साफ-सफाई पर विशेष बल दिया। इसके साथ ही उन्होंने कचरा प्रबंधन को सुदृढ़ करने तथा दिन-रात सेवा में जुटे सफाई मित्रों के प्रति सम्मान का भाव रखने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में जानकारी दी गई कि 01 अक्टूबर को राष्ट्रव्यापी "एक दिन, एक घंटा, एक साथ" सामूहिक श्रमदान अभियान चलेगा और 02 अक्टूबर को स्वच्छ भारत दिवस पर विशेष ग्राम सभाओं, पौधरोपण "एक पेड़ मां के नाम" तथा उत्कृष्ट योगदान देने वाले सफाई मित्रों व स्वच्छता चैंपियनों के सम्मान के साथ अभियान का समापन होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित