मुंबई , अक्टूबर 15 -- क्षिण कोरियाई अभिनेत्री होयॉन भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में काम करना चाहती हैं। चर्चित वेब सीरीज स्क्विड गेम से दुनियाभर में पहचान बनाने वाली अभिनेत्री ने कहा कि वह किसी भारतीय फिल्म का हिस्सा बनना चाहेंगी, लेकिन इसके लिए फिल्म निर्माताओं को उन्हें डांस सिखाना होगा।

कोरियाई साइंस-फिक्शन एक्शन थ्रिलर होप में नजर आने जा रहीं होयॉन ने भारत आने की इच्छा भी जाहिर की है। उन्होंने बताया कि वह अभी तक भारत नहीं आई हैं, लेकिन यहां घूमना चाहती हैं। वह आमिर खान अभिनीत फिल्म 3 इडियट्स भी देख चुकी हैं।

होयॉन ने कहा, "मैं कभी भारत नहीं आई हूं, लेकिन भारत उन जगहों में शामिल है जहां मैं घूमने जाना चाहती हूं। मैंने 3 इडियट्स देखी है। मैं किसी भारतीय प्रोजेक्ट का हिस्सा बनना चाहूंगी। कृपया मुझे बुलाइए, लेकिन आपको मुझे डांस सिखाना होगा।"फिल्म होप में होयॉन सुंग-ए नामक एक नौसिखिया पुलिस अधिकारी की भूमिका निभा रही हैं। उसकी जिंदगी उस समय अप्रत्याशित मोड़ ले लेती है, जब एक एलियन की मौजूदगी उसके समुद्र किनारे बसे शहर के लिए खतरा बन जाती है। फिल्म के एक्शन दृश्यों की तैयारी के लिए अभिनेत्री ने बंदूक चलाने, कार ड्रिफ्टिंग और अन्य एक्शन तकनीकों का प्रशिक्षण लिया है।

फिल्म का निर्देशन द वेलिंग के लिए चर्चित दक्षिण कोरियाई फिल्मकार ना होंग-जिन ने किया है। इसमें होयॉन के साथ माइकल फासबेंडर, एलिसिया विकेंडर और ह्वांग जंग-मिन भी नजर आएंगे। फिल्म की सिनेमैटोग्राफी हांग क्यूंग-प्यो ने की है, जो पैरासाइट में अपने काम के लिए जाने जाते हैं।

होप 23 अक्टूबर को भारतीय सिनेमाघरों में रिलीज होगी। स्टार एंटरटेनमेंट इस फिल्म को अंग्रेजी और हिंदी में रिलीज कर रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित