नयी दिल्ली , अक्टूबर 01 -- दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को 'सेवा मेरा योगदान - स्वच्छता श्रमदान' अभियान के तहत राजधानी के विभिन्न इलाकों में स्वस्छा अभियान चलाया।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 76वें जन्मदिन और उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 'सेवा मेरा योगदान - स्वच्छता श्रमदान' नाम से यहां पार्टी के सभी 256 मंडलों में लगभग 2470 स्थानों पर सघन स्वच्छता अभियान चलाया।
इस अभियान के तहत श्रीमती गुप्ता और श्री मल्होत्रा के साथ ही सांसदों, दिल्ली सरकार के मंत्रियों, विधायकों, सभी निगम पार्षद और प्रदेश, जिला तथा मंडल पदाधिकारियों ने श्रमदान किया।
श्रीमती गुप्ता तिमारपुर में, श्री मल्होत्रा गीता कॉलोनी में, श्री रामवीर सिंह बिधूड़ी ईस्ट आफ कैलाश में, श्री प्रवेश साहिब सिंह हनुमान मंदिर, श्री आशीष सूद पंखा रोड़ में, श्री कपिल मिश्रा करावल नगर में, श्री योगेन्द्र चांदोलिया देव नगर में, श्रीमती कमलजीत सहरावत द्वारका, श्री प्रवीन खंडेलवाल अजमेरी गेट पर, सुश्री बाँसुरी स्वराज मोती नगर में, श्री सतीश उपाध्याय ग्रीन पार्क में, श्रीमती योगिता सिंह देशबंधु अपार्टमेंट में, श्री राजेश भाटिया राजेन्द्र नगर में, श्री प्रवीण शंकर कपूर चांदनी चौक में, श्री सुमन कुमार गुप्ता ने यमुना बाजार में, डा. अनिल गुप्ता ने रोहताश नगर में, श्री सूर्य प्रकाश खत्री तिमारपुर में, श्री अजय महावर घोंडा में, श्रीमती शिखा रॉय एवं श्रीमती अंजुम मंडल ग्रेटर कैलाश में सम्मिलित हुए और श्रमदान किया।
श्री मल्होत्रा ने इस अवसर पर कहा कि श्री मोदी के जन्मदिवस और लोकसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आज दिल्ली भाजपा द्वारा आयोजित 'सेवा मेरा योगदान - स्वच्छता श्रमदान' कार्यक्रम में सम्मिलित होकर अत्यंत गर्व और ऊर्जा की अनुभूति हो रही है। उन्होंने कहा कि श्री मोदी ने 25 वर्षों में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को राजनीति का मूल मंत्र बनाया है। स्वच्छ भारत प्रधानमंत्री का सपना है और सेवा ही उनकी साधना है और सेवा ही संगठन, सेवा ही समर्पण उनका विश्वास है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित