वाराणसी , सितंबर 2 -- प्रधानमंत्री एवं वाराणसी के सांसद नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से पूरे प्रदेश में एक माह का 'सेवा संकल्प अभियान' चलाया जाएगा। प्रधानमंत्री के मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री तक के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन को समर्पित इस अभियान में सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण, विकास और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
प्रदेश मुख्यालय लखनऊ में आयोजित कार्यशाला से लौटे भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने बुधवार को रोहनिया स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की बैठक में अभियान की रूपरेखा की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि 17 सितंबर को 'आशीर्वाद का दीया' कार्यक्रम से अभियान की शुरुआत होगी। इसके तहत कार्यकर्ता सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों के घर पहुंचकर 'आशीर्वाद का दीया' जलाएंगे। कॉलेजों में प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सेवा कार्यों और 'विकसित भारत' की संकल्पना पर चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं तथा दो अक्टूबर को 'नमो सेवा गाथा' के तहत नुक्कड़ नाटक आयोजित किए जाएंगे।
आंगनबाड़ी केंद्रों पर 'आंगन का उत्सव' के माध्यम से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा दीदियों और बच्चों की माताओं को सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि अभियान में सरकार की योजनाओं से लाभान्वित लोगों की वास्तविक 'सक्सेस स्टोरी' को प्रमुखता दी जाएगी। लाभार्थियों से संवाद कर उनकी कहानियों की रील तैयार कर सोशल मीडिया के माध्यम से प्रचारित किया जाएगा। 'सेवा ज्योति यात्रा' जिला और गांव स्तर पर निकाली जाएगी, जिसमें रथ पर ज्योति लेकर कार्यकर्ता एवं आमजन शामिल होंगे और वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने का सामूहिक संकल्प लिया जाएगा। 'सेवा सेतु' शिविरों के माध्यम से पात्र लेकिन योजनाओं से वंचित लोगों को चिन्हित कर उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में सहायता की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित