मुंबई , अक्टूबर 11 -- तमिल फिल्म 'सेल्वी' का 31वें बुसान अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में नौ अक्टूबर को वर्ल्ड प्रीमियर हुआ, जहां फिल्म को दर्शकों की शानदार प्रतिक्रिया मिली। प्रीमियर के दौरान थिएटर खचाखच भरा रहा, जबकि फिल्म की अगली स्क्रीनिंग के टिकट भी बिक गये।राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विजेता अभिनेत्री अंजलि पाटिल के निर्माण में बनी 'सेल्वी' निर्देशक सेलैश रथ्नाकुमार की पहली फिल्म है। इसे महोत्सव के प्रतिष्ठित 'विजन-एशिया' खंड में जगह मिली है, जिसमें शामिल होने वाली यह दो भारतीय फिल्मों में से एक है।

फिल्म की कहानी सेल्वी नामक एक प्रवासी होम-केयर नर्स के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसका किरदार अंजलि पाटिल ने निभाया है। वह अमीर परिवारों के घरों में रहकर उनकी देखभाल करती है। उसकी ड्यूटी कभी 12 घंटे तो कभी लगातार 72 घंटे तक चलती है, जिससे उसके पास अपनी जिंदगी के लिए न तो समय बचता है और न ही फैसले लेने की आजादी। अतीत की एक घटना फिर सामने आने पर उसकी जिंदगी नया मोड़ लेती है। प्रवासन, दोस्ती और देखभाल से शुरू होने वाली यह कहानी संघर्ष और आत्मरक्षा के लिए लिये जाने वाले कठिन फैसलों तक पहुंचती है।

प्रीमियर में शामिल अंजलि पाटिल ने कहा कि बुसान जैसे प्रतिष्ठित महोत्सव से फिल्म का सफर शुरू होना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कोरियाई दर्शकों से मिली प्रतिक्रिया पर खुशी जताते हुए कहा कि 'सेल्वी' उनके लिए बेहद निजी फिल्म है। एक निर्माता और अभिनेत्री के रूप में इस सफर ने उन्हें बहुत कुछ दिया है।

निर्देशक सेलैश रथ्नाकुमार ने कहा कि बुसान अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में अपनी पहली फिल्म की स्क्रीनिंग उनके लिए सपने जैसा अनुभव है। दर्शकों की प्रतिक्रिया ने एक फिल्मकार के रूप में उनका हौसला बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि यह तो बस शुरुआत है और वह ऐसी कहानियां सुनाना चाहते हैं, जो लोगों के दिलों तक पहुंचें तथा अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का नाम रोशन करें।

फिल्म का संपादन नौ बार राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार जीत चुके ए. श्रीकर प्रसाद ने किया है, जबकि साउंड डिजाइन आनंद कृष्णमूर्ति ने संभाला है। आनंद कृष्णमूर्ति को 'पोन्नियिन सेल्वन: पार्ट-1' के लिए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिला था। फिल्म में अर्चना पद्मिनी और विनोद किशन भी अहम भूमिकाओं में हैं।

'सेल्वी' का सह-निर्माण रेड सी इंटरनेशनल फिल्म महोत्सव की पहल रेड सी फंड के सहयोग से किया गया है। फिल्म को हॉन्ग कॉन्ग एशिया फिल्म फाइनेंसिंग का भी समर्थन मिला है। बुसान में वर्ल्ड प्रीमियर के बाद फिल्म अब 50वें साओ पाउलो अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में अपनी दूसरी अंतरराष्ट्रीय स्क्रीनिंग के लिए तैयार है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित