धार , अप्रैल 22 -- देश के चयनित 10 "सेफ सिटी" शहरों में मध्यप्रदेश से एकमात्र धार को शामिल किया गया है। केंद्र सरकार के महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा "निर्भया फंड" के अंतर्गत धार के लिए 10 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।

धार-महू संसदीय क्षेत्र की सांसद एवं केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर के प्रयासों से यह उपलब्धि हासिल हुई है। वर्ष 2026 के लिए चयनित शहरों में धार को स्थान मिलना जिले के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

इस परियोजना के तहत महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए व्यापक कार्ययोजना लागू की जाएगी। इसमें सीसीटीवी निगरानी, स्मार्ट लाइटिंग, महिला हेल्प डेस्क, त्वरित पुलिस सहायता व्यवस्था तथा सुरक्षित सार्वजनिक परिवहन जैसी सुविधाओं को सुदृढ़ किया जाएगा।

इसके साथ ही जागरूकता अभियानों के माध्यम से महिलाओं के प्रति सम्मान और सुरक्षा की भावना को बढ़ावा दिया जाएगा। केंद्र सरकार द्वारा पूर्ण रूप से वित्त पोषित यह योजना महिलाओं को सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। इस उपलब्धि से क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और उम्मीद जताई जा रही है कि "सेफ सिटी" परियोजना के माध्यम से धार को एक सुरक्षित और सशक्त शहर के रूप में विकसित किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित