चेन्नई , अक्टूबर 29 -- अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुन्नेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) महासचिव एडप्पादी के. पलानीस्वामी (ईपीएस) ने तमिलनाडु मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय की कार्यशैली पर तंज कसते हुए गुरुवार को सवाल किया कि क्या मुख्यमंत्री एक सामान्य सरकारी कर्मचारी की तरह काम कर सकते हैं? उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के सप्ताहांत में उपलब्ध नहीं रहने के कारण प्रशासनिक ठहराव की स्थिति पैदा हो रही है।
श्री पलानीस्वामी ने मदुरै में संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा, "सुबह कार्यालय आना, शाम को घर लौट जाना और सप्ताहांत में छुट्टी लेना, क्या मुख्यमंत्री कोई सामान्य सरकारी कर्मचारी हैं?" उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री शाम छह बजे से अगले दिन सुबह नौ बजे तक संपर्क से बाहर रहते हैं और इस दौरान अधिकारियों से भी संपर्क नहीं करते। उन्होंने श्री विजय की मुख्यमंत्री के रूप में कार्यशैली पर सवाल उठाये।
श्री विजय ने गत 10 मई को मुख्यमंत्री पद संभालने के बाद से सुबह समय पर सचिवालय पहुंचने, अपना अपराह्न का भोजन साथ लाने और शाम पांच बजे के बाद कार्यालय से निकलने की दिनचर्या अपनायी है। उन्होंने अपने पूर्ववर्ती मुख्यमंत्रियों के विपरीत अपराह्न में सोने से भी परहेज करने का नियम बनाया है। वह अपने खास सूट के अलावा शुक्रवार और त्योहारों के अवसरों पर पारंपरिक तमिल परिधान धोती भी पहनते हैं। हालांकि, वह शाम का समय अपने लिए रखते हैं। इससे उनके संपर्क से बाहर रहने को लेकर अटकलें लगने लगी हैं और उनकी कार्यशैली पर चर्चा तेज हुई है।
थेनी जिले में जेल से 17 विचाराधीन कैदियों के फरार होने की घटना, जिसमें उन्होंने पुलिसकर्मियों पर हमला किया था, चेन्नई की उच्च सुरक्षा वाली पुजल जेल से दो कैदियों के फरार होने की घटना के कुछ ही समय बाद हुई। विजय के पास गृह विभाग भी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित