पटना , अक्टूबर 03 -- वन्य प्राणी सप्ताह-2026 के दूसरे दिन पटना जू में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को बताया कि वन क्षेत्रों में कमी, प्राकृतिक आवासों में बदलाव और जलवायु परिवर्तन जैसी परिस्थितियां मानव-वन्यजीव संघर्ष की वजह बन सकती हैं,ऐसे में जागरूकता, सतर्कता और वैज्ञानिक तरीके से रेस्क्यू एवं प्रबंधन बेहद जरूरी है। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को रेस्क्यू प्रक्रिया के साथ स्तनधारियों की विविधता और उनके संरक्षण की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम के पहले सत्र में पटना जू के वन्यजीव चिकित्सक डॉ. मनोज कुमार टोनी ने 'मानव-वन्यजीव संघर्ष और उसके निवारण के उपाय' विषय पर विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने बताया कि मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने के लिए विभिन्न स्तरों पर लगातार प्रयास किए जाते हैं। स्थानीय स्तर पर लोगों में जागरूकता और सतर्कता बढ़ाने के साथ संघर्ष की स्थिति में समय पर रेस्क्यू और उचित प्रबंधन बेहद महत्वपूर्ण है।उन्होंने वाल्मीकि टाइगर रिजर्व से रेस्क्यू किए गए गैंडे का उदाहरण देते हुए विद्यार्थियों को रेस्क्यू ऑपरेशन की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया।
डॉ. टोनी ने कहा कि रेस्क्यू के दौरान भीड़ को नियंत्रित करना, वन्यजीव की गतिविधियों पर लगातार नजर रखना और सुरक्षित तरीके से उसे ट्रैंक्विलाइज करना महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने ट्रैंक्विलाइजेशन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों और आवश्यक प्रक्रियाओं की भी जानकारी दी।
दूसरे सत्र में डॉ. दिलीप कुमार बैठा ने 'स्तनधारियों पर संक्षिप्त चर्चा' विषय पर विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने बताया कि विश्वभर में 5,000 से अधिक स्तनधारी प्रजातियां पाई जाती हैं। इनका आकार, स्वरूप और जीवन-शैली एक-दूसरे से काफी अलग होती है। उन्होंने स्तनधारियों की विविधता के साथ पारिस्थितिकी तंत्र में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका और संरक्षण की आवश्यकता पर भी प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को वन्यजीवों और उनके संरक्षण के प्रति संवेदनशील बनाने के साथ मानव-वन्यजीव सह-अस्तित्व की अवधारणा को मजबूत करना था। वन्यप्राणी सप्ताह के तहत पटना जू में विभिन्न जागरूकता एवं शैक्षणिक गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। सप्ताह का समापन समारोह 8 अक्टूबर को आयोजित होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित