मधुबनी, मई 19 -- बिहार सरकार की भवन निर्माण विभाग सह मधुबनी जिला प्रभारी मंत्री लेशी सिंह ने मंगलवार को कहा कि सहयोग शिविर "सरकार आपके द्वार" की अवधारणा को साकार कर रहा है, जहां विभिन्न विभागों के अधिकारी एक ही स्थान पर उपस्थित होकर लोगों की समस्याओं का समाधान कर रहे हैं। प्रभारी मंत्री ने आज झंझारपुर प्रखंड अंतर्गत काको पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर में आमजनों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं, शिकायतें एवं आवश्यकताएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों एवं युवाओं की सहभागिता देखने को मिली। लोगों ने भूमि विवाद, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन कार्ड, आवास योजना, पेयजल, सड़क, बिजली, स्वास्थ्य एवं अन्य जनहित से जुड़े मामलों को मंत्री लेशी सिंह के समक्ष रखा।

मंत्री लेशी सिंह ने प्रत्येक आवेदन एवं शिकायत पर संवेदनशीलता के साथ संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर मंत्री लेशी सिंह ने कहा कि बिहार सरकार गांव-गांव तक प्रशासनिक पहुंच सुनिश्चित कर आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सहयोग शिविर केवल योजनाओं की जानकारी देने का माध्यम नहीं, बल्कि जनता और प्रशासन के बीच विश्वास एवं संवाद को मजबूत करने का प्रभावी मंच है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित