लखनऊ , अक्टूबर 27 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पिछड़ा मोर्चा उत्तर प्रदेश 31 अक्टूबर को लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती प्रदेश के सभी 98 संगठनात्मक जिलों में 'सबसे ऊंचे सरदार' थीम के साथ मनाएगा। यह निर्णय लखनऊ स्थित भाजपा मुख्यालय में आयोजित प्रदेश पदाधिकारी बैठक में लिया गया।
भाजपा पिछड़ा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य प्रकाश पाल ने कहा कि कांग्रेस ने अपने राजनीतिक स्वार्थों के चलते सरदार पटेल के ऐतिहासिक योगदान को कमतर दिखाने का प्रयास किया, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात में विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा 'स्टैच्यू ऑफ यूनिटी' स्थापित कर उनके व्यक्तित्व और कृतित्व को वैश्विक पहचान दिलाई।
उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने सैकड़ों रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत की मजबूत नींव रखी। इसके बावजूद कांग्रेस ने उन्हें वह सम्मान नहीं दिया, जिसके वे हकदार थे। पाल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने सरदार पटेल को राजनीतिक रूप से छोटा करने का प्रयास किया, जबकि प्रधानमंत्री मोदी ने उनकी 182 मीटर ऊंची प्रतिमा स्थापित कर उन्हें विश्व स्तर पर सम्मान दिलाया।
श्री पाल ने कहा कि सरदार पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, प्रशासनिक क्षमता और राष्ट्रभक्ति से भारत की एकता को सुदृढ़ किया। 'स्टैच्यू ऑफ यूनिटी' केवल एक प्रतिमा नहीं, बल्कि राष्ट्रीय गौरव और राष्ट्रनिर्माताओं के सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने सरदार पटेल की विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य किया है।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए पाल ने आरोप लगाया कि सरदार पटेल के साथ हुए राजनीतिक व्यवहार से लेकर आपातकाल तक, कांग्रेस का इतिहास लोकतांत्रिक मूल्यों पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने डॉ. भीमराव आंबेडकर के राजनीतिक संघर्ष का उल्लेख करते हुए कांग्रेस से अपने इतिहास पर आत्ममंथन करने को कहा।
उन्होंने बताया कि 31 अक्टूबर को प्रदेश के सभी 98 संगठनात्मक जिलों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनके माध्यम से सरदार पटेल के राष्ट्रनिर्माण, राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। कार्यकर्ता नई पीढ़ी को देश के एकीकरण में उनके योगदान से अवगत कराएंगे।
श्री पाल ने कहा कि सरदार पटेल की जयंती केवल स्मरण का अवसर नहीं, बल्कि राष्ट्रीय एकता और अखंडता के प्रति संकल्प दोहराने का दिन है। भाजपा पिछड़ा मोर्चा इस आयोजन को व्यापक जनभागीदारी के साथ मनाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित