हल्द्वानी , अगस्त 13 -- कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के हल्द्वानी दौरे के बाद कार्यक्रम स्थल के कथित 'शुद्धिकरण' को लेकर नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने इसे बेहद शर्मनाक, घृणित और निंदनीय बताते हुए कहा कि यह किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि देश के गरीबों, दलितों, शोषितों, वंचितों और पीड़ितों का अपमान है।

गुरुवार को जारी एक बयान में श्री आर्य ने कहा कि श्री खरगे देश के वरिष्ठ जन नेताओं में शामिल हैं और लंबे समय से गरीबों, वंचितों और शोषित वर्गों के अधिकारों की आवाज उठाते रहे हैं और उनके संबोधन के बाद मंच का शुद्धिकरण किया जाना भाजपा की संकीर्ण और भेदभावपूर्ण मानसिकता को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सामाजिक समरसता, भाईचारे और लोकतांत्रिक चेतना की भूमि रही है। हल्द्वानी जैसे शहर में इस तरह की घटना सामने आना प्रदेश की सामाजिक एकता के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है।

श्री आर्य ने कहा कि सार्वजनिक स्थान किसी व्यक्ति की जाति, वर्ग या राजनीतिक विचारधारा से अपवित्र या पवित्र नहीं होते।

उन्होंने सवाल किया कि क्या भाजपा नेतृत्व इस मानसिकता का समर्थन करता है? उन्होंने कहा कि भाजपा को इस घटना पर स्पष्ट पक्ष जनता के सामने रखना चाहिए।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता, सम्मान और गरिमा का अधिकार देता है। देश को आगे ले जाने के लिए छुआछूत, भेदभाव और ऊंच-नीच की मानसिकता को पीछे छोड़कर समानता, सम्मान और भाईचारे की दिशा में आगे बढ़ना होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित