भुवनेश्वर , अक्टूबर 03 -- केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय ने ओडिशा केंद्रीय विश्वविद्यालय में शास्त्रीय पाली भाषा के लिए 'सेंटर ऑफ एक्सीलेंस' की स्थापना को मंजूरी दे दी है।
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने शनिवार को कहा कि शिक्षा मंत्रालय द्वारा ओडिशा केंद्रीय विश्वविद्यालय में शास्त्रीय पाली के लिए 'सेंटर ऑफ एक्सीलेंस' स्थापित करने की मंज़ूरी इस प्राचीन भाषा और भारत की समृद्ध भाषाई विरासत के अध्ययन, संरक्षण और प्रचार-प्रसार को मज़बूत करने की दिशा में एक अहम कदम है।
उन्होंने कहा कि यह पहल पाली भाषा में शैक्षणिक और शोध कार्यों को और आगे बढ़ाएगी क्योंकि पाली भाषा भारत की बौद्धिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं से गहराई से जुड़ी हुई है।
श्री माझी ने कहा कि सेंटर ऑफ एक्सीलेंस से पाली भाषा के उच्च-स्तरीय अध्ययन, शोध और संरक्षण के लिए एक समर्पित मंच मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही यह केंद्र भारत के सभ्यतागत ज्ञान और भाषाई विरासत को सुरक्षित रखने के व्यापक प्रयासों में भी योगदान देगा। उन्होंने कहा कि इस पहल को ओडिशा के लिए गर्व के क्षण और भारत की सांस्कृतिक और बौद्धिक विरासत को संरक्षित तथा प्रचारित करने में राज्य के योगदान की अहम मान्यता के तौर पर भी देखा जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित