प्रतापगढ़ , अक्तूबर 29 -- आगामी एक नवंबर को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली 'वोट चोर, गद्दी छोड़' एवं 'वोट बचाओ, देश बचाओ' महारैली की तैयारियों को लेकर प्रतापगढ़ में जिला कांग्रेस की बैठक आयोजित की गई। बैठक में महारैली को सफल बनाने, अधिक से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने तथा लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा के मुद्दे पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए राजस्थान के जयपुर जनपद के शाहपुरा विधानसभा क्षेत्र से विधायक एवं प्रतापगढ़ एआईसीसी ऑब्जर्वर मनीष यादव ने कहा कि लोकतंत्र में जनता का वोट सबसे बड़ी ताकत है। मतदाता के मताधिकार की रक्षा और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लगातार चुनावी प्रक्रिया में अनियमितताओं और वोट चोरी के आरोपों को सार्वजनिक मंचों पर उठा रहे हैं। आगामी 1 नवंबर की महारैली इन मुद्दों पर जनता की आवाज बुलंद करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कांग्रेसजनों से एकजुट होकर महारैली में भागीदारी करने का आह्वान किया।

कांग्रेस जिला अध्यक्ष डॉ. नीरज त्रिपाठी ने कहा कि 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित 'वोट बचाओ, देश बचाओ' महारैली में प्रतापगढ़ से हजारों कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जी देश में लोकतंत्र, संविधान और प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की रक्षा के मुद्दे को लगातार उठा रहे हैं। कांग्रेस पार्टी का स्पष्ट मत है कि चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता होनी चाहिए और वोट चोरी से संबंधित उठाए जा रहे सवालों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

बैठक में कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने महारैली को सफल बनाने के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा संगठन के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित