अजमेर , अक्टूबर 30 -- राजस्थान में अजमेर डेयरी से जुड़े हजारों किसान एक नवंबर को दिल्ली के कांग्रेस रैली के धरना प्रदर्शन में शामिल होंगे।
अजमेर डेयरी अध्यक्ष रामचंद्र चौधरी ने शुक्रवार को यहां बताया कि दिल्ली की सड़कों पर राजस्थान के किसानों और दुग्ध उत्पादकों का सैलाब उमड़ने वाला है। 'वोट बचाओ-देश बचाओ' महा धरने में अजमेर सरस डेयरी से जुड़े हजारों किसान अब आर-पार की लड़ाई का शंखनाद करेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में होने वाले इस ऐतिहासिक प्रदर्शन में शामिल होने के लिए कांग्रेस नेता रामचंद्र चौधरी की अगुवाई में 31 अक्टूबर को शाम को हजारों अन्नदाता दिल्ली के लिए हुंकार भरते हुए कूच करेंगे।
श्री चौधरी ने बताया कि 'सरस बचाओ-अमूल भगाओ' की हुंकार इस विशाल धरने में श्वेत क्रांति के प्रहरी किसान 'सरस बचाओ-अमूल भगाओ' का गगनभेदी उद्घोष करेंगे। यह प्रदर्शन राजस्थान की गौरवशाली सहकारी दुग्ध व्यवस्था को बचाने और बाहरी ब्रांड के अतिक्रमण को रोकने की एक निर्णायक जंग है।
श्री चौधरी ने हजारों किसानों-पशुपालकों तथा दुग्ध उत्पादकों की मांगों पर प्रशासनिक अनदेखी की हद बताते हुए राजस्थान काेऑपरेटिव डेयरी फैडरेशन पर आंखें मूंदने और किसानों को छला जाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पिछले छह महीने से पशुपालक दाने-दाने को मोहताज हैं। इसके बावजूद सभी 'सरस' की प्रतिस्पर्धा में राज्य में अमूल को पैर जमाने नहीं देंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित