भिवानी , नवंबर 04 -- हरियाणा के भिवानी में कांग्रेस ने लोकतंत्र की रक्षा और कथित वोट चोरी के मुद्दे पर 'वोट बचाओ-देश बचाओ' राष्ट्रव्यापी अभियान की शुरुआत की है।
बुधवार को कांग्रेस कमेटी के शहरी कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में महम के विधायक एवं अभियान के भिवानी जिला प्रभारी बलराम दांगी ने कहा कि यह अभियान केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि व्यापक जन-आंदोलन है। इसका उद्देश्य लोगों को उनके लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति जागरूक करना है।
पत्रकार वार्ता की अध्यक्षता कांग्रेस के शहरी जिलाध्यक्ष प्रदीप गुलिया जोगी और ग्रामीण जिलाध्यक्ष अनिरुद्ध चौधरी ने की। श्री दांगी ने कहा कि अभियान के तहत कांग्रेस कार्यकर्ता गांवों और शहर के प्रत्येक वार्ड में चौपाल लगाकर जनता से सीधा संवाद करेंगे। स्थानीय समस्याओं से लेकर नीतिगत मुद्दों को सड़क से विधानसभा तक उठाया जाएगा।
श्री दांगी ने भाजपा सरकार और चुनाव आयोग पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि लोकसभा और विधानसभा चुनावों के बीच हरियाणा में करीब साढ़े तीन लाख वोट काटे गए। उन्होंने फर्जी मतदाता सूची तैयार किए जाने का भी आरोप लगाया और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से इस्तीफे की मांग की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित