नारायणपुर , सितंबर 28 -- छत्तीसगढ़ के नारायणपुर में चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने सोमवार को प्रदर्शन किया और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने जय स्तम्भ चौक पर मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला भी दहन किया।

जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता कलेक्टर कार्यालय तक मार्च के लिए निकले। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर हाई स्कूल मैदान के पास प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ नारेबाजी की।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों से चुनाव की निष्पक्षता और पारदर्शिता को लेकर सवाल खड़े हुए हैं। नेताओं ने इस मामले की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच की मांग की। कांग्रेस ने कहा कि लोकतंत्र में मतदाताओं के अधिकारों और उनके वोट की सुरक्षा सर्वोपरि है तथा चुनाव प्रक्रिया से जुड़े सवालों का समाधान पारदर्शी तरीके से होना चाहिए।

इसके बाद कार्यकर्ता जय स्तम्भ चौक पहुंचे, जहां मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया गया। इस दौरान पुलिस बल तैनात रहा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित