समस्तीपुर , जनवरी 12 -- केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री और जदयू के वरिष्ठ नेता रामनाथ ठाकुर ने सोमवार को कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार की तरफ से लाया गया विकसित भारत - गारंटी फॉर रोज़गार एंड आजीविका मिशन ग्रामीण' (वीबी - जी राम जी) एक महत्वपूर्ण कदम है और इससे मजदूरों व नौजवानों को उचित रोजगार मिलेगा।

श्री ठाकुर ने आज समस्तीपुर परिसदन मे आयोजित एक पत्रकार सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि इस नये कानून से भ्रष्टाचार नियंत्रण में भी मदद मिलेगी। उन्होंने विपक्षी दलों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि केंद्र की कल्याणकारी योजनाओं का विरोध करना ही विपक्षी दलों का एकमात्र काम रह गया है। श्री ठाकुर ने कहा कि वीबी - जी रामजी कानून मे काम के दिवस को एक सौ से बढ़ाकर 125 दिन किया गया है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व मे इस ग्रामीण विकास एवं ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम को तैयार किया गया है, जिसमें करीब 1,51,281.05 करोड़ रूपये खर्च का अनुमान है।

केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि डिजीटल तकनीक से इस कानून मे भ्रष्टाचार को नियंत्रित करने का भी प्रावधान किया गया है।

इस अवसर पर जदयू के वरिष्ठ नेता राजीव सिंह एवं कौशल प्रसाद सिंह समेत अन्य प्रमुख नेता उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित