बारां , मई 04 -- राजस्थान में बारां क्षेत्र की जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से "विधायक आपके द्वार जनसंवाद यात्रा" का सोमवार को कवाई क्षेत्र में शुभारंभ हुआ।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जिलाध्यक्ष नरेश सिंह सिकरवार एवं वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक हेमराज मीणा ने हरी झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना किया।

विधायक राधेश्याम बैरवा इस पहल के तहत गांव-गांव पहुंचकर आमजन की समस्याएं सुनेंगे और उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करेंगे।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष नरेश सिंह सिकरवार ने कहा कि पार्टी का लक्ष्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। यह जनसंवाद यात्रा जनता और जनप्रतिनिधियों के बीच सीधा संवाद स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

पूर्व विधायक हेमराज मीणा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सदैव गांव, गरीब, शोषित और वंचित वर्ग के हितों के लिए कार्य करती रही है। उन्होंने इस यात्रा को सरकार की जनकल्याणकारी सोच का प्रतीक बताया।

विधायक राधेश्याम बैरवा ने कहा कि उनका उद्देश्य क्षेत्र के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचकर उसकी समस्या को समझना और उसका समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह यात्रा केवल संवाद तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि समस्याओं के निराकरण तक निरंतर प्रयास किए जाएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित