पटना , अगस्त 11 -- जनस्वास्थ्य सुरक्षा और भविष्य की स्वास्थ्य चुनौतियों से निपटने की तैयारियों को मजबूत करने के उद्देश्य से पटना नगर निगम की मेट्रोपॉलिटन सर्विलांस यूनिट (एमएसयू) के तत्वावधान में मंगलवार को एक दिवसीय 'वन हेल्थ इंटीग्रेशन एंड सेंसिटाइजेशन वर्कशॉप' का आयोजन किया गया।कार्यशाला में पटना नगर निगम की महापौर सीता साहू, उपमहापौर रेशमी कुमारी, पटना के सिविल सर्जन डॉ. योगेंद्र मंडल समेत स्वास्थ्य, पशुपालन, कृषि, वन, पर्यावरण, गृह, शहरी विकास और आपदा प्रबंधन सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं तकनीकी विशेषज्ञ शामिल हुए।
कार्यशाला में स्वास्थ्य विभाग, पशुपालन विभाग, कृषि विभाग, बिहार राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, आईसीएमआर-आरएमआरआई, एनसीडीसी बिहार, एम्स पटना, आईजीआईएमएस, पीएमसीएच, एनएमसीएच, पटना वेटरनरी कॉलेज और पटना नगर निगम समेत विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
तकनीकी सत्रों में आईएचआईपी, आईडीएसपी, वन हेल्थ समन्वय, एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस (एएमआर) निगरानी, डब्ल्यूएचओनेट रिपोर्टिंग, जूनोटिक बीमारियों की निगरानी, प्रयोगशाला नेटवर्किंग, पर्यावरणीय निगरानी तथा प्रकोप की तैयारियों से जुड़े विषयों पर चर्चा की गयी।
विशेषज्ञों ने संभावित बीमारी के प्रकोप की समय रहते पहचान, डेटा आधारित निगरानी और त्वरित प्रतिक्रिया के लिए मानव, पशु एवं पर्यावरणीय स्वास्थ्य से जुड़े विभागों के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर जोर दिया।
कार्यशाला में बहु-विभागीय समन्वय, मजबूत प्रयोगशाला नेटवर्क और साक्ष्य आधारित निर्णय प्रणाली को महानगरीय स्वास्थ्य निगरानी व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए महत्वपूर्ण बताया गया।
मेट्रोपॉलिटन सर्विलांस यूनिट सहयोगी संस्थाओं की तकनीकी सहायता से 'वन हेल्थ' दृष्टिकोण को मजबूत करने की दिशा में काम जारी रखेगी। इसका उद्देश्य सार्वजनिक स्वास्थ्य से जुड़े संभावित खतरों की समय पर पहचान, डेटा आधारित निर्णय लेने की क्षमता में सुधार तथा भविष्य की स्वास्थ्य आपदाओं से निपटने के लिए तैयारी और प्रतिक्रिया क्षमता को मजबूत करना है।
कार्यशाला में एमएसयू के डॉ. रंजीत कुमार, गेट्स फाउंडेशन के डॉ. अरिंदम रे और फाउंडेशन फॉर इनोवेटिव न्यू डायग्नोस्टिक्स (एफआईएनडी) के डॉ. नवनीत रंजन समेत कई विशेषज्ञ मौजूद रहे। एनसीडीसी, नयी दिल्ली की डॉ. आस्था, डॉ. शुभांगी और डॉ. संजीव ने वर्चुअल माध्यम से भाग लेकर महत्वपूर्ण सुझाव साझा किये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित