वाराणसी , अक्टूबर 16 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महानगर पिछड़ा वर्ग मोर्चा की ओर से शुक्रवार को गुलाबबाग स्थित महानगर कार्यालय में स्वागत समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने नवनियुक्त पदाधिकारियों का अंगवस्त्र पहनाकर और माल्यार्पण कर स्वागत किया तथा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने का आह्वान किया।
समारोह को संबोधित करते हुए श्री अग्रहरि ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति में सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि जिस प्रदेश में कभी 'वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया' की चर्चा होती थी, वहां अब 'वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट' (ओडीओपी) के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को पहचान मिल रही है और रोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं। उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया।
काशी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संसदीय क्षेत्र होने के साथ ही विश्व की प्रमुख सांस्कृतिक नगरी है। यहां की गतिविधियों पर देश-दुनिया की निगाहें रहती हैं। उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों से आगामी स्नातक एवं शिक्षक विधान परिषद चुनावों की तैयारियों में जुटने और संगठन की मजबूती के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में वडनगर प्रवास से लौटे पिछड़ा वर्ग मोर्चा के पदाधिकारियों शशांक प्रजापति, अनुराग गुप्ता और अमन केसरी का विशेष स्वागत किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित