तिरुवनंतपुरम , नवंबर 10 -- केरल के कोल्लम जिले के चदयमंगलम स्थित पौराणिक पक्षी जटायु की दुनिया की सबसे बड़ी प्रतिमा हाल ही में रिलीज हुई महाकाव्य फिल्म 'रामायण' के कारण वैश्विक स्तर पर चर्चा में आ गई है। इसके बाद पर्यटकों और सिनेमा प्रेमियों के बीच इस स्थल को देखने की दिलचस्पी बढ़ी है।

मुख्यमंत्री वी डी सतीशन ने जटायु की विशाल प्रतिमा विकसित करने के लिए केरल पर्यटन विभाग की सराहना की है। उन्होंने देशभर के पर्यटकों और फिल्म प्रेमियों को इस ऐतिहासिक स्थल पर आने और रामायण से जुड़ी पौराणिक विरासत का अनुभव करने का निमंत्रण दिया है। चट्टानी पहाड़ी जटायुपारा के शिखर पर स्थित इस विशाल प्रतिमा को फिल्म की रिलीज के बाद एक बार फिर प्रमुखता मिली है। फिल्म में जटायु को रावण द्वारा सीता के अपहरण के दौरान उन्हें बचाने का वीरतापूर्ण प्रयास करते और इस संघर्ष में अपने प्राण न्योछावर करते दिखाया गया है।

फिल्म देखने के बाद श्री सतीशन ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि इसने पूरे भारत में जटायु के प्रति प्रशंसा की भावना को फिर से जगाया है। सत्य और एक महिला के सम्मान की रक्षा के लिए जटायु का पौराणिक बलिदान कभी नहीं भुलाया जा सकता। उन्होंने कहा कि यह गर्व की बात है कि अब लाखों लोग जान रहे हैं कि यह पौराणिक गाथा केरल में भी जीवंत है। उन्होंने कहा कि दुनिया की सबसे बड़ी पक्षी प्रतिमा का घर जटायु अर्थ्स सेंटर, साहस और बलिदान के शाश्वत प्रतीक को भव्य श्रद्धांजलि है। श्री सतीशन ने इस पर्यटन स्थल को साकार करने वाले पर्यटन विभाग के दलों और सभी लोगों के योगदान के लिए आभार जताया। उन्होंने देशभर के लोगों को इस पौराणिक स्थल का प्रत्यक्ष अनुभव करने के लिए आमंत्रित किया।

पर्यटन, सिनेमा एवं संस्कृति मंत्री पी सी विष्णुनाध ने कहा कि जटायु की प्रतिमा केरल की अनुभवात्मक पर्यटन पहल का अभिन्न हिस्सा है। उन्होंने कहा कि हिंदी फिल्म की रिलीज के बाद इस लोकप्रिय पर्यटन स्थल का महत्व और बढ़ गया है तथा अधिक लोग उस स्थान पर जाने में रुचि दिखा रहे हैं, जिसे रावण के साथ संघर्ष के बाद जटायु के गिरने का स्थल माना जाता है। उन्होंने बताया कि पर्यटक पहाड़ी पर स्थित भगवान राम के मंदिर में पूजा-अर्चना भी कर सकते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित