पटना , मई 07 -- खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह की अध्यक्षता में गुरूवार को "खरीफ विपणन मौसम 2025-26" अंतर्गत सी० एम० आर० की प्राप्ति तथा "रबी विपणन मौसम 2026-27" में राज्यान्तर्गत संचालित विकेंद्रीकृत अधिप्राप्ति योजना के तहत गेहूं अधिप्राप्ति एवं प्राइस सपोर्ट स्कीम के तहत मसूर अधिप्राप्ति की प्रगति के लिये समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में सहकारिता विभाग के सचिव धर्मेन्द्र सिंह, बिहार राज्य खाद्य एवं असैनिक आपूर्ति निगम के प्रबंध निदेशक सुनील कुमार, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के विशेष सचिव विभूति रंजन चौधरी सहित अन्य विभागीय पदाधिकारीगण उपस्थित रहे। भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई), नेफेड, एनसीसीएफ सहित सभी जिलों के जिला सहकारिता पदाधिकारी एवं जिला प्रबंधक (बिहार राज्य खाद्य एवं असैनिक आपूर्ति निगम) वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में सम्मिलित हुए।

समीक्षा के दौरान खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह ने सीएमआर चावल प्राप्ति कार्य में तेजी लाने, गेहूँ अधिप्राप्ति को लक्ष्य के अनुरूप संचालित करने तथा किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी का भुगतान निर्धारित समय सीमा के भीतर सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। इसके साथ ही मसूर अधिप्राप्ति कार्य को भी लक्ष्य के अनुरूप सुनिश्चित करने के लिये मसूर अधिप्राप्ति कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिये गये।

गेहूं अधिप्राप्ति कार्य में तेजी लाने के लिये जिलों की अधिप्राप्ति कार्य हेतु योग्य सभी समितियों (पैक्सों एवं व्यापार मंडलों) को सक्रिय करने, तथा सभी सक्रिय पैक्सों एवं व्यापार मंडलों का गेहूं अधिप्राप्ति के लिये लक्ष्य को निर्धारित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही निरतर व्यापक समीक्षा कर गेहूं अधिप्राप्ति कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया गया।

बैठक में अधिप्राप्ति कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग, भुगतान प्रक्रिया में तेजी तथा जिलास्तर पर समन्वय स्थापित कर "रबी विपणन मौसम 2026-27" के लिय गेहूं एवं मसूर के अधिप्राप्ति में तेजी लाने के लिये आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित