पिथौरागढ़ , जून 15 -- उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के भव्य एवं सफल आयोजन की तैयारियों के क्रम में सोमवार को पिथौरागढ़ जिले में "रन फॉर योगा" कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रातः सात बजे कलेक्ट्रेट परिसर से रामलीला मैदान तक आयोजित इस जागरूकता रैली का उद्देश्य आमजन को स्वास्थ्य, फिटनेस तथा भारत की प्राचीन योग परंपरा के प्रति जागरूक करना एवं आगामी 21 जून को आयोजित होने वाले मुख्य योग दिवस का संदेश जन-जन तक पहुंचाना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष श्री जितेन्द्र प्रसाद, मेयर श्रीमती कल्पना देवलाल, जिलाधिकारी पिथौरागढ़ आशीष कुमार भटगांई, उपजिलाधिकारी पिथौरागढ़ जितेन्द्र वर्मा,तथा जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी द्वारा संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर किया गया।
रैली में जिला स्तरीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ-साथ विभिन्न शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। इनमें स्टैफर्ड पब्लिक स्कूल, द एशियन एकेडमी स्कूल, हिमालया पब्लिक स्कूल, देव सिंह स्कूल, जीजीआईसी, जीआईसी, स्पोर्ट्स स्टेडियम पिथौरागढ़, न्यू बीरसेवा पब्लिक स्कूल, एनसीसी कैडेट्स, 14वीं वाहिनी भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (आईटीबीपी), 55वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), पीआरडी स्वयंसेवक, पुलिस जवान तथा जिला मुख्यालय में कार्यरत अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे। कार्यक्रम में कुल लगभग 650 प्रतिभागियों ने भाग लिया।
रामलीला मैदान पहुंचने के उपरांत जिला पंचायत अध्यक्ष जितेन्द्र प्रसाद, मेयर श्रीमती कल्पना देवलाल एवं जिलाधिकारी ने रैली को संबोधित करते हुए योग को दैनिक जीवन में अपनाने तथा स्वस्थ जीवनशैली विकसित करने का संदेश दिया। इस अवसर पर प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के अंत में जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. चन्द्रकला भैंसोडा ने कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित