लखनऊ , अप्रैल 14 -- बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की जयंती से एक दिन पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों के नाम 'योगी की पाती' जारी कर उन्हें नमन किया। अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने बाबा साहेब के विचारों को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए समता, शिक्षा और सामाजिक न्याय के मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. आंबेडकर ने भारतीय संविधान के माध्यम से देश के करोड़ों लोगों को सम्मानजनक जीवन का अधिकार दिलाया। उनका जीवन संघर्ष, शिक्षा और संगठन की शक्ति का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि "शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो" का उनका मंत्र आज भी उतना ही प्रासंगिक है।
योगी ने कहा कि प्रदेश सरकार बाबा साहेब के आदर्शों के अनुरूप समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। राशन, आवास, शौचालय, स्वास्थ्य सेवाएं और 'घरौनी' जैसी योजनाओं के माध्यम से गरीबों, वंचितों, महिलाओं और युवाओं को सशक्त किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित