मुंबई , जुलाई 21 -- स्टार प्लस के नए शो 'ये फितूर तेरा' की लॉन्च डेट का ऐलान कर दिया गया है।शो की कहानी इलाहाबाद की रहने वाली सौम्या के इर्द-गिर्द घूमती है, जो हमेशा इस चिंता में रहती है कि लोग उसके बारे में क्या सोचेंगे। यही डर उसे अपनी बात कहने से रोकता है। को-एड कॉलेज में दाखिले के बाद उसे नए माहौल, नए लोगों और नए रिश्तों का सामना करना पड़ता है। इसी दौरान उसकी मुलाकात जीत से होती है, लेकिन उसकी सबसे बड़ी चुनौती अपने डर और असुरक्षाओं से लड़ना है।

सौम्या का किरदार निभा रहीं देबचंद्रिमा सिंघा रॉय ने कहा कि शुरुआत से ही वह इस किरदार से खुद को जुड़ा हुआ महसूस करती थीं। उन्होंने कहा, "सौम्या ऐसी लड़की है जो लोगों से जुड़ना चाहती है, लेकिन उसके अपने डर उसे रोक लेते हैं। अक्सर लोग किसी शांत इंसान को देखकर उसके बारे में धारणा बना लेते हैं, जबकि उसके मन में चल रही भावनाओं और संघर्षों को नहीं समझ पाते।"उन्होंने कहा कि सौम्या की हर झिझक और खामोशी के पीछे एक वजह है और यही बात इस किरदार को बेहद वास्तविक बनाती है। देबचंद्रिमा को विश्वास है कि कई लड़कियां खुद को इस किरदार में देख पाएंगी।

देबचंद्रिमा सिंघा रॉय और ईशान धवन अभिनीत यह शो 05 अगस्त से हर रात 8:30 बजे प्रसारित किया जाएगा। दर्शक इसे जियोहॉटस्टार पर भी देख सकेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित