मुंबई , अक्टूबर 15 -- राजश्री प्रोडक्शंस ने सूरज आर. बड़जात्या की आगामी फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' का नया गाना 'झुमका पटोला' रिलीज कर दिया है। आयुष्मान खुराना और शरवरी पर फिल्माया गया यह गाना रोमांस, मस्ती और जश्न के रंगों से भरपूर है।
फिल्म के टाइटल ट्रैक 'ये प्रेम मोल लिया' और गरबा गीत 'जय अंबे बोल' के बाद रिलीज हुआ यह गाना फिल्म के संगीत में एक नया रंग जोड़ता है। इसकी जोशीली धुन और आकर्षक प्रस्तुति उत्सव के माहौल को जीवंत बनाती है।
हिमेश रेशमिया के संगीत निर्देशन में तैयार इस गाने को श्रेया घोषाल ने गाया है, जबकि इसके बोल सोनिया कपूर रेशमिया ने लिखे हैं। गाने की कोरियोग्राफी शबीना खान ने की है और सिनेमैटोग्राफी मनोज कुमार खटाई ने संभाली है।
राजश्री प्रोडक्शंस (प्रा.) लि. और महावीर जैन फिल्म्स प्रस्तुत इस फिल्म का निर्देशन सूरज आर. बड़जात्या ने किया है। फिल्म में आयुष्मान खुराना और शरवरी मुख्य भूमिकाओं में हैं। 'ये प्रेम मोल लिया' 27 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित