वाशिंगटन , मई 23 -- अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया मंच 'ट्रुथ' पर एक बेहद भड़काऊ और बिना शीर्षक वाली तस्वीर साझा करके एक नये भू-राजनीतिक विवाद को जन्म दे दिया है।

इस तस्वीर में पश्चिम एशिया का एक नक्शा दिखाया गया है, जिसमें ईरान का नाम "यूनाइटेड स्टेट्स ऑफ द मिडिल ईस्ट?" दिखाया गया है और झंडा भी अमेरिका का इस्तेमाल किया गया है।

श्री ट्रंप ने यह सोशल मीडिया संदेश ऐसे अत्यंत संवेदनशील समय पर साझा किया है जब ईरान और अमेरिका-इजराइल गठबंधन के बीच युद्ध एक नाजुक तथा बेहद तनावपूर्ण दौर से गुजर रहा है।

श्री ट्रंप ने जो नक्शा सोशल मीडिया पर साझा किया है, उसे भू-राजनीतिक विश्लेषक अमेरिकी राष्ट्रपति की "अधिकतम दबाव" बनाने की रणनीति के रूप में देख रहे हैं। साथ ही यह तस्वीर ईरान के लिये एक सख्त चेतावनी के रूप में भी देखी जा रही है। पाकिस्तान की मध्यस्थता में अमेरिका और ईरान की बातचीत किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच सकी। अमेरिका ने यह मांग की है कि ईरान अपने अत्यधिक संवर्धित यूरेनियम के भंडार उसे सौंप दे और अपने परमाणु बुनियादी ढांचे को सीमित करे। उधर, ईरान अपने ऊपर लगे तमाम प्रतिबंधों को हटाने और युद्ध से हुये नुकसान के लिये मुआवजे का भुगतान करने की मांग पर अड़ा हुआ है।

श्री ट्रंप ने हाल ही में चेतावनी दी थी कि वर्तमान संघर्ष विराम की सफलता की संभावना केवल 1 प्रतिशत है। ऐसे में उनका इस नक्शे को साझा करने से स्पष्ट संकेत मिलता है कि यदि अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत विफल हो जाती है, तो अमेरिका ईरान में सत्ता परिवर्तन की कोशिश या ईरान पर पूर्ण रणनीतिक प्रभुत्व जमाने का प्रयास भी कर सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित