कपूरथला , जून 23 -- सांसद डॉ. राज कुमार चब्बेवाल ने मंगलवार को कहा कि पंजाब सरकार का 'युद्ध नशे विरुद्ध' अभियान नशा तस्करी के खिलाफ प्रभावी हथियार साबित हुआ है और इसके कारण पंजाब अब 'उड़ता पंजाब' की छवि से निकलकर 'बदलता पंजाब' की ओर तेजी से बढ़ रहा है।

कपूरथला के विरसा विहार में आयोजित जिला स्तरीय समीक्षा बैठक को संबोधित करते हुए डॉ. चब्बेवाल ने नशा तस्करी के खिलाफ लगातार कार्रवाई के लिए पंजाब पुलिस की सराहना की। उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों के सहयोग से इस सामाजिक बुराई को जड़ से खत्म किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस दुनिया के सबसे सक्षम और कुशल पुलिस बलों में से एक है। जिस पुलिस ने राज्य को आतंकवाद जैसी चुनौती से बाहर निकाला, वह जनता के सहयोग से नशे की समस्या का भी पूरी तरह समाधान कर सकती है।

डॉ. चब्बेवाल ने बताया कि 'युद्ध नशे विरुद्ध' अभियान के तहत अब तक पूरे पंजाब में 49,580 मामले दर्ज किये गये हैं और 69,393 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इससे राज्य में सक्रिय नशा तस्करी नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार ने राज्य की छवि बदलने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाये हैं। नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई के साथ-साथ नशे की गिरफ्त में आये लोगों के पुनर्वास पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य के कुछ क्षेत्रों में पुलिस स्टाफ की कमी का मुद्दा भी सरकार के ध्यान में है और मुख्यमंत्री स्तर पर इस पर विचार किया जा रहा है। जल्द ही इस दिशा में उचित कदम उठाये जाएंगे।

इस अवसर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव तूरा ने बताया कि अभियान शुरू होने के बाद से कपूरथला पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत 1,600 मामले दर्ज किए हैं और 2,000 से अधिक नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि नशा तस्करी से अर्जित लगभग 18 करोड़ रुपये की संपत्तियां जब्त की गई हैं, जबकि तस्करी से जुड़े 13 अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया गया है।

श्री तूरा ने कहा कि केवल कार्रवाई ही नहीं, बल्कि नशा पीड़ितों के पुनर्वास पर भी ध्यान दिया जा रहा है। अभियान के तहत 1,090 युवाओं को नशा मुक्ति केंद्रों में भर्ती कराया गया, जबकि 2,360 व्यक्तियों को ओट केंद्रों में दाखिल किया गया है। उन्होंने बताया कि 750 लोगों के मामलों में राहत प्रक्रिया शुरू की गयी है, जिन्होंने स्वयं नशा मुक्ति उपचार के लिए आवेदन किया था। उनके मामलों को एनडीपीएस एक्ट की धारा 64-ए के तहत स्थगित किया गया है।

इस मौके पर नगर सुधार ट्रस्ट कपूरथला के अध्यक्ष और अर्जुन अवार्डी सज्जन सिंह चीमा ने युवाओं से खेलों को अपनाने और नशों से दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का सबसे प्रभावी माध्यम हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित