मुंबई , सितंबर 17 -- सोनी सब के शो 'यादें' में डॉ. देव (इक़बाल खान) और डॉ. सृष्टि (गुलकी जोशी) की कहानी अब एक नए मोड़ पर पहुंचने वाली है। किलारी गांव में दोनों अलगाव को छिपाकर पति-पत्नी के रूप में रहने का दिखावा करेंगे।शहर के अस्पताल से दूर डॉ. देव के सामने गांव के अस्पताल को संभालने की नई चुनौती होगी। वहीं, गांव वाले देव और सृष्टि के अलग रहने के फैसले को स्वीकार नहीं करते, जिसके चलते दोनों अपनी जुदाई को गुप्त रखने और परिवार के रूप में रहने का फैसला करते हैं।

एक ही छत के नीचे साथ रहने और बच्चों की देखभाल करने के दौरान उनके बीच पुरानी यादें और भावनाएं फिर से उभरती हैं। गांव वालों के सामने परिवार होने का दिखावा करते हुए दोनों को कई हास्यपूर्ण और अप्रत्याशित परिस्थितियों का सामना करना पड़ेगा।

आगामी ट्रैक के बारे में गुलकी जोशी ने कहा कि किलारी डॉ. देव और डॉ. सृष्टि के लिए बिल्कुल अलग माहौल लेकर आता है। दोनों साथ काम करने के साथ एक ही छत के नीचे परिवार होने का नाटक कर रहे हैं, जिससे कई मजेदार परिस्थितियां पैदा होती हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों का ख्याल रखने और गांव वालों के सामने यह दिखावा बनाए रखने के दौरान देव और सृष्टि को एहसास होता है कि वे अब भी एक-दूसरे को स्वाभाविक रूप से समझते हैं।

शो में अब यह देखना दिलचस्प होगा कि किलारी में साथ रहने से देव और सृष्टि के रिश्ते में फिर नजदीकी आती है या नहीं। साथ ही डॉ. देव गांव के अस्पताल की स्थिति को किस तरह बदलते हैं, यह भी कहानी का अहम हिस्सा होगा।

सोनी सब पर 'यादें' का प्रसारण सोमवार से शनिवार रात आठ बजे किया जाता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित